युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सर्बानंद
सोनोवाल ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि युवा
कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रणाधीन तीन संस्थान हैं
अर्थात लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान, ग्वालियर (सम
विश्वविद्यालय) जिसका गुवाहाटी में एक पूर्वोत्तर क्षेत्रीय केंद्र है
तथा लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा कॉलेज, तिरूवनंतपुरम और भारतीय
खेल प्राधिकण (साई) का नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला
जिसके पाठ्यक्रम बंगलुरू और कोलकाता केंद्रों में भी चलाए जा रहे हैं। युवा
कार्यक्रम और खेल मंत्रालय देश में शारीरिक और खेल शिक्षा प्रदान करने
वाले राज्य सरकार संचालित या निजी रूप से संचालित खेल
विश्वविद्यालयों/कालेजों/स्कूलों के बारे में आंकड़े नहीं रखता।
मणिपुर में एक राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव
है। इस प्रयोजनार्थ 2014-15 के बजट में 100 करोड़ रू. का प्रावधान किया गया
है। इस प्रयोजन के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 200 एकड़ भूमि की पहचान
कर ली गई है।
राष्ट्रीय खेल प्रतिभा खोज योजना के माध्यम से अभिज्ञात खेल प्रतिभा के
पोषण के लिए विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय खेल अकादमियां (एनएसए) एवं
जूनियर खेल अकादमियां (जेएसए) स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। तथापि, यह
योजना संकल्पना के चरण में है। जम्मू-कश्मीर में खेल अवसंरचना के विकास के लिए निर्धारित विशेष पैकेज
के तहत सरकार द्वारा राज्य में 200 करोड़ रू. की अनुमानित लागत से खेल
अवसंरचना का विकास करने का निर्णय लिया गया है। तथापि, प्रस्ताव संकल्पना
के चरण में है।